सुरक्षाबलों के जवान मॉक ड्रिल में भाग लेते।
- फोटो : kathua news
कठुआ। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए पुलिस और सुरक्षाबलों ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को लखनपुर के पाटी नाला स्थित रेलवे स्टेटिक गार्ड पर जीआरपी कठुआ की तरफ से आतंकी हमले की आशंका को ध्यान में रखते हुए एक मॉक ड्रिल की गई।
इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखना और सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल को मजबूत करना था। जीआरपी थाना प्रभारी अमित अंगोत्रा ने जानकारी दी कि यह मॉक ड्रिल पूरी तरह से पेशेवर ढंग से संपन्न की गई। इसमें पुलिस बल के साथ-साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
थाना प्रभारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों के दौरान आतंकी गतिविधियों की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मॉक ड्रिल के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित प्रतिक्रिया, क्षेत्र की घेराबंदी, तलाशी अभियान और घायल नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने जैसी सभी प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया।
इस अभ्यास में जीआरपी के जवानों के साथ-साथ जिला पुलिस, सीआरपीएफ, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। सभी बलों ने एक समन्वित रणनीति के तहत कार्य करते हुए यह सुनिश्चित किया कि किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी तैयारियां मुकम्मल हैं।