बिलावर। महानपुर तहसील की सवार पंचायत के करनवाडा चौक पर भूजल विभाग की ओर से लगाया गया हैंडपंप 3 महीनों से खराब पड़ा है।
स्थानीय निवासी सूरज प्रकाश, रमेश, कृष्ण और सचिन ने बताया के मुख्य चौक पर लोगों की सुविधा के लिए लगाया गया हैंडपंप खराब होने के कारण 500 से अधिक आबादी को पेयजल की किल्लत से परेशान होना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि इस हैंडपंप पर करनवाडा गांव के लोग पेयजल के लिए निर्भर हैं जिन्हें पिछले तीन महीने से गांव में कई कई किलोमीटर की दूरी पर स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि समस्या के बारे में कई बार भूजल विभाग को अवगत करवाया लेकिन विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया। स्थानीय लोगों ने भूजल विभाग से खराब हुए हैंडपंप को जल्द से जल्द ठीक करने की मांग की है।