पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने लिया भाग
- फोटो : Samvad
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। वंदे मातरम विशेष चरण–2026 के तहत जिलेभर में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत शहर के गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन कठुआ के दिशानिर्देश और मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्रीय प्रतीकों, सांस्कृतिक धरोहर और वंदे मातरम की भावना पर आधारित चित्रों ने देशभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों से सराबोर हो उठा। स्कूल के प्रधानाचार्य जतिंदर सेठी ने बताया कि उनके शिक्षकों ने छात्राओं को मार्गदर्शन और प्रेरणा देकर प्रतियोगिता को सुचारु रूप से संपन्न कराया। उन्होंने ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां जिम्मेदार, रचनात्मक और सामाजिक रूप से जागरूक नागरिक बनाने में सहायक होती हैं।