कठुआ। कुलगाम में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान दो जवानों की शहादत पर युवाओं ने गहरा रोष जताया है। शनिवार को युवाओं ने उक्त घटना के लिए पाक प्रायोजित आतंकवाद को जिम्मेदार ठहराया और पाकिस्तान का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जहां प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए, वहीं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर मोहिंदर सिंह बल्लू ने घटना पर रोष जताते हुए कहा कि पाकिस्तान 90 के दशक से लगातार जम्मू कश्मीर में अपनी साजिश को अंजाम देता आ रहा है। इसमें आए दिन हमारी सेना और सुरक्षा बल के जवान वीरगति को प्राप्त हो रहे हैं। यह सिलसिला तब ही खत्म होगा जब हम पाकिस्तान को इसका ऐसा कड़ा जवाब दें। हाल के दिनों में आतंकवाद के खिलाफ आपरेशन सिंदूर छेड़ा था। लेकिन इसके बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकत से बाज नही आ रहा है। लिहाजा इसके खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था से पाकिस्तान सहित कई अन्य देशों में भी खलबली मची हुई है। लिहाजा वह हमारे देश के खिलाफ हर तरह की साजिश कर रहे है। देश की 140 करोड़ जनता सरकार के साथ है, अब वक्त आ गया है कि इसके खिलाफ लड़ाई तेज की जाए।
वहीं, प्रदर्शन में शामिल मखन लाल ने कहा कि देश के वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और पूरा देश उनके साथ खड़ा है। उन्होंने सरकार से कठोर कार्रवाई की मांग की।