कठुआ। जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लोगों को मच्छर जनित रोगों के प्रति जागरूक करने का क्रम जारी है। शनिवार को विभाग के मलेरिया विंग की टीम ने मंगलवार को हाईवे से सटे हटली मोड़ और चक दराब खां में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से जारी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने मोहल्ले में मलेरिया से बचाव की जानकारी देने वाले पोस्टर चिपकाए। इसके अलावा घर-घर जाकर लोगों को बचाव की जानकारी देते हुए दैनिक इस्तेमाल के लिए किए जाने वाले जल भंडारण व्यवस्था की जांच की। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से घरों के आसपास किसी भी तरह का जलभराव न होने देने की अपील की। जबकि कई स्थानों पर जलभराव पाए जाने के बाद वहां एंटी लारवा दवा का छिड़काव भी किया।
जारी अभियान के बारे में मलेरिया विंग के इंस्पेक्टर लोकेश राज ने बताया कि विभाग लोगों को लगातार जागरूक कर रहा है, ताकि उन्हें डेंगू, चिकन गुनिया और मलेरिया जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि इस दौरान कुछ घरों में इस्तेमाल के लिए रखे जाने वाले पानी में मच्छर के लारवा पाए गए। जिसके बाद उस पानी को गिरा दिया गया है। वहीं, इस दौरान कुछ लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए।