कठुआ। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग हादसों में एक युवती सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें जीएमसी कठुआ में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना बुधवार देर शाम को शहर के कॉलेज रोड पर डीसी ऑफिस के पास हुई जहां स्कूटी और कार की भिड़ंत में स्कूटी पर सवार 45 वर्षीय व्यक्ति घायल हो गया। उसे जीएमसी कठुआ पहुंचाया गया। घायल की पहचान अतुल गुप्ता पुत्र पूरन चंद निवासी हाउसिंग कॉलोनी कठुआ के रूप में हुई है।
दूसरा हादसा हाईवे से गोविंदसर गांव को जाने वाली सड़क पर मोड़ के पास पेश आया है। जहां अज्ञात ट्राले की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है। घायलों की पहचान 30 वर्षीय कृष्ण पाल पुत्र राम प्रकाश और 36 वर्षीय अर्जुन कुमार पुत्र ओमप्रकाश दोनों निवासी गोविंदसर के रूप हुई है।
तीसरा हादसा वीरवार सुबह कालीबाड़ी चौक में पेश आया। जहां मोटरसाइकिल और महिंद्रा के बीच हुई टक्कर में मोटरसाइकिल पर सवार 40 वर्षीय भूपेंद्र कुमार पुत्र बसंत राम और सहसवार 17 वर्षीय मेघा पुत्री मोहनलाल दोनों निवासी हटली गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अन्य हादसा लखनपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेश आया। जहां एक अज्ञात वाहन ने 29 वर्षीय राहगीर को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान हबीब अली पुत्र शौकतदीन निवासी कलप्रीत होशियारपुर पंजाब के रूप में हुई है। जिसे जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है।