बिलावर। उप मंडल मुख्यालय से सटे किशनपुर गांव में अंडर-19 बॉयज क्रिकेट प्रतियोगिता रविवार को भी जारी रही। रविवार को खेले गए मैच में बगलामुखी किशनपुर की टीम ने थंडर टाइटल्स टिल्ला की टीम को 8 विकेट से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया। थंडर टाइटल की टीम ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी का निर्णय लिया और निर्धारित 10 ओवर के मैच में थंडर टाइटल की टीम ने पांच विकेट गंवाकर 87 रन बनाए। थंडर टाइटल के बल्लेबाज निखिल ने सर्वाधिक 25 रन बनाए वहीं बगलामुखी किशनपुर के गेंदबाज नीतीश ने दो विकेट चटकाए। 88 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बगलामुखी किशनपुर की टीम के बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य को आठवें ओवर में दो विकेट गंवाकर पूरा कर लिया और 8 विकेट से मैच जीत कर प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बना ली। बगलामुखी किशनपुर के खिलाड़ी नीतीश ने दो विकेट लिए और 25 रन बनाए। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। आयोजक वरुण शर्मा, दिवांशु वर्मा, मानिक खजूरिया ने बताया कि सोमवार को अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में अगले दौर के दो मैच खेले जाएंगे।