रामकोट । स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को धार सड़क, नगरोटा गुजरू में दुर्गा माता मंदिर नगरोटा गुजरू से लेकर मुख्य चौक तक भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली की अध्यक्षता भाजपा मंडल प्रधान रामकोट टिक्का शर्मा ने की। इस अवसर पर पहाड़ी जिला प्रधान गोपाल कृष्ण, जिला प्रभारी रविंद्र बलौरिया, वरिष्ठ कार्यकर्ता कुलदीप कुमार अबरोल, पूर्व जिला विकास परिषद सदस्य नगरोटा गुजरू नारायण दत्त त्रिपाठी, ओबीसी मोर्चा के प्रधान तीर्थराज वर्मा, किसान मोर्चा के प्रधान सागर सिंह, महेंद्र कुमार, पूर्व सरपंच कंधारनू सुमन लता सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली में भाग लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंजते हुए कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ सड़कों पर चले। रैली का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाना था।