हीरानगर। उपजिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर करने के उद्देश्य से विधायक विजय शर्मा ने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने कस्बे में चल रहे विकास कार्य का जायजा भी लिया। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। उसी दिशा में उपजिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए 2025-26 के पूंजीगत बजट में प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित विकास कार्यों में एक आधुनिक प्रशासनिक भवन, पूरी तरह से सुसज्जित ओपीडी कंपलेक्स, आधुनिक ऑपरेशन थियेटर, आईसीयू सुविधा और नए वार्डों के साथ-साथ एक कैजुअल्टी परिसर का निर्माण शामिल है। इस मौके पर एसडीएम फुलेल सिंह, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय रैना, बीएमओ डॉ. स्वामी शरण आदि भी मौजूद रहे।