चिनैनी। 21 दिसंबर को पल्स पोलियो अभियान को लेकर चिनैनी स्वास्थ्य विभाग की टीम भी पूरी तरह तैयार है। इसके लिए उन्होंने अलग-अलग जगहों के लिए टीमों का गठन भी कर दिया है। जानकारी के मुताबिक चिनैनी स्वास्थ्य ब्लॉक के अंतर्गत 121 बूथ बनाए गए हैं, जिसमें 27 सुपरवाइजर इन बूथों की निगरानी करेंगे। साथ ही छह ट्रांजिट कैंप सुद्धमहादेव, चिनैनी, जीरो पॉइंट हाईवे, उधमपुर रेलवे स्टेशन में दो तथा जखैनी में बनाए गए हैं। चिनैनी ब्लॉक में 20 हजार 113 नौनीहालों को पल्स पोलियो की खुराक दी जाएगी। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप के अलावा तीर्थ स्थल सुद्धमहादेव, गौरीकुंड व मानतलाई में भी पल्स पोलियो खुराक पिलाने के लिए टीमें तैनात की गई है । बीएमओ डॉक्टर सैयद अशरत बुखारी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को लेकर उनकी टीमें तैयार हैं।