डेंगू जागरूकता वैन को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्टाफ की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया। जांच करें, सफाई करें, ढकें : डेंगू को हराने के कदम भी के साथ होने वाले कार्यक्रमों में स्वास्थ्य कर्मियों को रोग से बचाव की जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय कठुआ में आयोजित कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उत्तम चंद ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना, डेंटल सर्जन डॉ. रूपाली अंग्राल, मलेरिया स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति में जागरूकता व्याख्यान दिया। उन्होंने डेंगू के लक्षण, फैलाव, रोकथाम, नियंत्रण और उपचार के बारे में जानकारी दी। वहीं, डेंगू जागरूकता वैन को मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने स्टाफ की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कार्यक्रम में मौजूद सभी स्वास्थ्य कर्मियों को लोगों को जागरूक करने के लिए कहा। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को बताया कि डेंगू बुखार होने पर एस्पिरिन और आइबुप्रोफेन जैसी दवाओं के सेवन से रोगियों में जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। लिहाजा हमें लोगों को इन दवाओं के प्रयोग से लोगों को बचाना होगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले के विभिन्न मेडिकल ब्लॉक परोल, हीरानगर, बिलावर, बसोहली और बनी में भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कोट
किसी भी मरीज के डेंगू पॉजिटिव होने पर घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि 95 प्रतिशत मामलों में बिना किसी जटिलता के स्वाभाविक रूप से सुधार हो जाता है। इसके अलावा जीएमसी कठुआ में प्लेटलेट प्रयोगशाला, डेंगू परीक्षण की सुविधा, ब्लड ट्रांसफ्यूजन की व्यवस्था और डेंगू मरीजों के लिए अलग बेड भी उपलब्ध हैं। लिहाजा हमें जांच पर ज्यादा जोर देना होगा। सभी बीएमओ मुख्यालयों पर मलेरिया स्टाफ को निर्देश दिया गया कि वे डेंगू के मामलों पर नजर रखें। डेंगू का मामला सामने आने पर तुरंत स्प्रे करें और सूची बनाएं।
- डॉ. विजय रैना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जीएमसी कठुआ