बिलावर में ट्रांसफार्मर से करंट लगने से मरा मवेशी।
बिलावर। हौटार गांव में ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से एक मवेशी की मौत हो गई। पंचायत की नायब सरपंच सुमन बाला पंच विकास शर्मा और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड-2 में बिजली विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर जमीन से सटकर लगाया गया है, जिसकी चपेट में आने से एक बैल की मौत हो गई। मवेशी के मालिक सतपाल शर्मा ने बताया कि कई बार बिजली विभाग को ट्रांसफार्मर को खंभों के ऊपर चढ़ाने के लिए कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नायब सरपंच और अन्य ग्रामीणों ने बताया के पीड़ित का गुजारा खेतीबाड़ी से ही चलता है और बैल मरने से मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। पंचायत प्रतिनिधियों ने पीड़ित किसान को सहायता राशि देने की मांग की है। गौर हो कि उपजिले के कई इलाकों में लगाए गए ट्रांसफार्मरों के आसपास तारबंदी नहीं की गई है, जिससे हादसे हो रहे हैं। दो महीने पहले भी गुड़ा कल्याल गांव में ट्रांसफार्मर से करंट लगने के कारण छह भेंसों की मौत हो गई थी।