संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। पड़ोसी राज्य पंजाब में किसानों द्वारा तीन घंटे के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किए जाने का कठुआ जिले में असर देखने को मिला। रविवार को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर हाईवे जाम किए जाने की सूचना मिलने के बाद सुबह 11 बजे के बाद से व्यवसायिक वाहनों को जिले में विभिन्न स्थानों पर रोक दिया गया।
इसके चलते आम दिनों में होने वाली रौनक लखनपुर में गायब दिखाई दी। हालांकि शाम तीन बजे के बाद पंजाब की ओर से वाहनों के आने का सिलसिला शुरू होने के बाद कठुआ जिले से भी वाहनों के काफिले रवाना हो गए। लोगों को हो रही असुविधा पर किसान संगठन संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि रविवार को हाईवे जाम करने के बारे में पहले ही बता दिया गया था। लोगों को हो रही परेशानी के लिए सरकार व प्रशासन जिम्मेदार है।