रामकोट। सेना की ओर से मिशन सद्भावना के तहत गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल धरूंग में खेल प्रतियोगिता कराई गई। मंगलवार को इंटर स्कूल वॉलीबाल स्पर्धा में गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल रामकोट की टीम और गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल नगरोटा गुजरू की टीम के बीच मुकाबला हुआ। इसमें हायर सेकेंडरी स्कूल रामकोट की टीम ने फाइनल जीतकर प्रतियोगिता पर कब्जा किया।
मैन ऑफ द सीरीज रहे शाश्वत डोगरा को सेना के अधिकारियों ने मौके पर सम्मानित किया गया। हायर सेकेंडरी स्कूल रामकोट के खेल शिक्षक विकास गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को हुए फाइनल मुकाबले में हायर सेकेंडरी स्कूल रामकोट की टीम ने हायर सेकेंडरी स्कूल नगरोटा गुजरू की टीम को 25-16 और 25-17 से शिकस्त देकर प्रतियोगिता पर कब्जा किया। उन्होंने बताया कि यह युवाओं की मेहनत और लगन का परिणाम है कि उन्होंने फाइनल जीतकर इलाके और स्कूल का नाम रोशन किया है। हायर सेकेंडरी स्कूल रामकोट के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने विजयी रहे खिलाड़ियों को बधाई दी। इस बीच रामकोट के सरपंच प्रदीप सिंह ने युवाओं का रामकोट पहुंचने पर स्वागत किया और उन्होंने खिलाड़ियों और शिक्षकों के साथ अभिभावकों को जीत की बधाई दी।