कठुआ। जिले में डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी का क्रम जारी है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में तीन नए मरीज आए हैं। इससे जिले में अब तक डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 193 हो गई है।
ताजा सामने आए नए मामलों में एक 58 वर्षीय महिला बुद्धि मेरथा में और एक 36 वर्षीय महिला और एक 53 वर्षीय व्यक्ति बिलावर में डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद जिला मलेरिया विंग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में मास सर्वे किया और बुखार से पीड़ित पाए गए सभी मरीजों के ब्लड सैंपल एकत्र किए। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को अपने घरों के आसपास किसी भी तरह का पानी न जमा होने देने के साथ ही घरों में इस्तेमाल के लिए रखा जाने वाला पानी हमेशा ढककर रखने के लिए कहा।
वहीं, लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामलों के बाद जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल ने शहर के कालीबड़ी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने विभाग की टीम की ओर से चलाई जाने वाली गतिविधियों का निरीक्षण करने के साथ ही लोगों से भी विभाग का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि विभाग डेंगू से बचाव के बारे में लोगों को जागरूक कर रहा है। जहां नए मामले आ रहे हैं, वहां स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भेजकर लोगों की सेहत का हाल जाना जा रहा है ताकि अगर जरूरत पड़े तो लोगों को तुरंत उपचार दिया जा सके।