कठुआ। जिले में गत 16 अगस्त से शुरू हुए डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को 11 नए मामले आने के साथ ही अब जिले में डेंगू के पॉजिटिव मरीजों की संख्या 141 हो गई है।
ताजा सामने आए नए मामलों में पांच डेंगू पॉजिटिव कठुआ शहर से हैं। इसके अलावा जखबड़ गांव से एक, बिलावर से दो और हीरानगर से दो डेंगू के मरीज सामने आए हैं। इसके बाद जिला मलेरिया विंग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में मास सर्वे किया और बुखार से पीड़ित पाए गए सभी मरीजों के ब्लड सैंपल एकत्र किए।
जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल ने बताया कि विभाग की पांच टीमें लगातार लोगों को डेंगू से बचाव के बारे में जागरूक कर रही हैं। इसके अलावा जहां नए मामले आ रहे हैं, वहां स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भेजकर लोगों की सेहत का हाल जाना जा रहा है ताकि अगर जरूरत पड़े तो लोगों को तुरंत उपचार दिया जा सके। उन्होंने बताया कि जिले में डेंगू के एक्टिव 55 मरीजों में सात को जीएमसी कठुआ में उपचार दिया जा रहा है, जबकि शेष को उनके घरों पर ही उपचार की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।