कठुआ। जिले में डेंगू के एक दिन में 11 नए मामले आने से स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई है। दरअसल 16 अगस्त को आए पहले मामले के बाद से प्रतिदिन एक-दो ही मामले आ रहे थे लेकिन पिछले एक सप्ताह से जिले में डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं।
मंगलवार को नए आए 11 मामलों में कठुआ शहर व आसपास से नौ डेंगू पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इसके अलावा किशनपुर कंडी और हटली गांव में दो डेंगू मरीजों की पहचान हुई है। इसके साथ ही जिले में अब डेंगू के पाए गए मरीजों का आंकड़ा 86 हो चुका है। वहीं, एक दिन में पांच नए मामलों के आने के बाद कठुआ का वार्ड एक हॉट स्पाट बना हुआ है। यहां अब तक मिले मरीजों की संख्या 16 हो चुकी है। हालांकि इन सभी मामलों में पाए गए डेंगू पीड़ितों में किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।
नए मामलों के आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया विंग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया और एंटी लारवा दवा का छिड़काव किया। वहीं, बुखार से पीड़ित मिले हर मरीज के खून के नमूने एकत्र कर उन्हें जांच के लिए जीएमसी कठुआ में भेज दिया गया है।
जिले में डेंगू के बढ़ते मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लोगों को डेंगू के प्रकोप से बचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष आए मामलों को देखते हुए इस साल लोगों को डेंगू के बचाव के लिए पूरा साल जागरूक किया गया, जो अभी जारी है। अगर लोग स्वास्थ्य विभाग के निर्देश का पालन करें तो हम डेंगू के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगा सकते हैं।