कठुआ। जिले में डेंगू का प्रसार तेजी से बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को दो नए मामले आए। 16 अगस्त को पहला मामला आने के बाद अब 21 दिन में डेंगू के मरीजों की संख्या 32 हो चुकी है।
शुक्रवार को भी दो नए मामले आए। इनमें से एक मामला कठुआ के वार्ड एक से है जहां 38 वर्षीय व्यक्ति डेंगू पॉजिटिव पाया गया है। वहीं दूसरा मामला बसोहली का है, जहां 23 वर्षीय महिला डेंगू पॉजिटिव आई है। नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया विंग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को डेंगू से बचाव के लिए घर-घर जाकर एंटी लारवा दवा का छिड़काव किया।
जिले में लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामलों पर जिला मलेरिया अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि विभाग पिछले एक साल से लोगों को डेंगू से बचाने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। ताजा मामलों के आने के बाद विभाग प्रभावित क्षेत्रों में मास सर्वे को बढ़ा रहा है ताकि डेंगू के मरीजों की पहचान जल्द की जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह का बुखार आने की स्थिति में लोग नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच कराएं ताकि डेंगू के खिलाफ जारी जंग में जीत हासिल की जा सके।