कठुआ। 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों को कोरोना से बचाव का टीकाकरण अभियान दूसरे जारी रहा। पहले दिन जहां दो हजार से भी कम बच्चों ने टीका लगवाया था, वहीं दूसरे दिन टीकाकरण का आंकड़ा 3944 रहा। स्कूलों में बनाए गए केंद्रों में उक्त आयु वर्ग के बच्चे उत्साह के साथ टीका लगवाने पहुंचे। कोरोना से बचाव की इस जंग में वे भी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए खुद को कोरोना से सुरक्षित करना चाहते हैं। उधर, जनवरी में शुरू हुई कोरोना महामारी की तीसरी लहर भले ही इतनी खतरनाक नहीं रही हो, लेकिन लगभग ढाई महीने से अधिक जिले में अपना प्रभाव बनाए रखा था। वीरवार को जिले में सक्रिय दो कोरोना संक्रमित भी निगेटिव हो गए। जिसके बाद जिले में अब कोरोना संक्रमण का कोई भी मामला नहीं बचा है। संक्रमण से अब तक जिले में 11409 लोग प्रभावित हुए। जिनमें से 166 लोगों की जान गई।