लखनपुर के माह गांव में शनिवार को बिजली का तेज करंट शरीर में दौड़ने से विभाग के लाइनमैन की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लखनपुर पावर हाउस से विभाग ने लिखित में शट डाउन ले रखा था।
इसके बाद लखनपुर एक्साइज ओल्ड यार्ड में बिजली की तारों की मरम्मत का काम भी जारी था। लेकिन इसी बीच खंभे पर चढ़े 52 वर्षीय लाइनमैन धर्म सिंह निवासी माह को जोरदार बिजली का झटका लगा, जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विभागीय अधिकारियों की मानें तो जिस समय बिजली का करंट तारों में दौड़ा, उस समय बिजली को बंद रखने की अनुमति ली गई थी।
इस संबंध में पूछे जाने पर बिजली विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता गणेश कुमार ने बताया कि करंट दौड़ने के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
पावर हाउस के स्टाफ से पूछे जाने पर उन्होंने बिजली छोड़े जाने से साफ इंकार किया है।
ऐसा बताया जा रहा है कि संभवत: तारों में जनरेटर से रिवर्स बिजली दौड़ गई, जिसका झटका लाइनमैन को लगा होगा लेकिन यह जांच का विषय है। जांच के लिए बिजली विभाग के इंस्पेक्शन विंग को लिख दिया गया है। लाइनमैन की मौत से क्षेत्र के लोग गुस्साए हुए हैं और परिजनों का रोकर बुरा हाल है।