कठुआ। बीते शनिवार को बिलावर के धनु परोल में हुई आतंकी मुठभेड़ के बाद जहां इलाके में दहशत का माहौल था वहीं तीन दिन बाद लोकतंत्र की जीत हुई है।
खौफ को भुलाकर यहां के लोगों ने 60 फीसदी से अधिक मतदान कर आतंकवाद को करारा तमाचा मारा है। यह इलाके नब्बे के दशक के बाद भी आतंकवाद का दंश झेल चुके हैं। इनमें एक बार फिर आतंकी पनाहगार ढूंढ रहे हैं। ऐसे में लोगों ने साफ कर दिया है कि उन्हें लोकतंत्र पर विश्वास है और आतंकवाद को वे चलने नहीं देंगे।
बिलावर के कोहग मांडल और इससे सटे धनु परोल में मंगलवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मतदान के लिए निकले। सुबह जहां युवाओं ने मतदान फर्ज निभाया, वहीं कुछ देर बाद महिलाओं और बुजुर्गों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुरक्षा के कड़े प्रबंधों के बीच यहां शांतिपूर्वक मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई।