कठुआ। चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनाव विभाग पोलिंग पार्टियों को रवाना करने की तैयारियों में जुट गया है। एक अक्तूबर को हाेने जा रही मतदान प्रक्रिया से दो दिन पहले 29 सितंबर से ही पोलिंग पार्टियों को रवाना करने का सिलसिला कठुआ से शुरू हो जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बनी, लोहाई और मल्हार के इलाकों के लिए पोलिंग पार्टियों को 29 सितंबर को रवाना किया जाएगा। इसके बाद 30 सितंबर को बिलावर और बसोहली के क्षेत्रों के लिए पहले और इसके बाद हीरानगर, जसरोटा और कठुआ अनुसूचित आरक्षित सीट पर मतदान प्रक्रिया करवाने के लिए पोलिंग पार्टियों को राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ से रवाना किया जाएगा।
जिले के 704 मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया एक अक्तूबर को अंजाम दी जाएगी। ये मतदान केंद्र 581 स्थानों पर तैयार किए गए हैं। चुनाव विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 96 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। लिहाजा इनमें सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। पोलिंग पार्टियों को कड़े सुरक्षा पहरे में मतदान केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। 704 मतदान केंद्रों पर 2816 कर्मचारी मतदान के दिन प्रक्रिया को पूरा करवाने के लिए तैनात किए गए हैं। निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए 380 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी कर दी गई है। दस साल बाद होने वाले चुनाव में मतदान से पहले जहां प्रत्याशी प्रचार में जुटे हैं, वहीं पिछले एक महीने से चुनाव विभाग ने भी विभिन्न गतिविधियों से मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास किया है।