कठुआ। 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग की ओर से उपलब्ध करवाई गई होम वोटिंग की प्रक्रिया शुक्रवार को होगी।
चुनाव विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 245 मतदाताओं ने अपने घर से ही मतदान करने की इच्छा जताई थी। ऐसे चिन्हित मतदाताओं के घर सुबह आठ बजे से पोलिंग पार्टियां पहुंचना शुरू हो जाएंगी। पारदर्शी तरीके से इस मतदान प्रक्रिया को अंजाम देने के लिए बाकायदा पोलिंग बूथ तैयार किया जाएगा, जहां मतदान कर्मी इन मतदाताओं को घर बैठे बिना मतदान केंद्रों पर लाइन में लगे इस सुविधा का लाभ देंगे। बाकायदा इसके लिए सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। बनी विधानसभा क्षेत्र में 17, बिलावर में 47, बसोहली में 38, जसरोटा में 35, कठुआ में 44 और हीरानगर में 64 मतदाता घर बैठकर मतदान करेंगे।