कठुआ। जिला कठुआ में लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया है। इस दौरान जिला भर में कोई हिंसा या उपद्रव की कोई सूचना नहीं आई। इस दौरान मतदान पूरा करवाने के लिए सुरक्षा बलों ने कड़ा पहरा रखा। वहीं, जिले की पंजाब से सटी सीमाओं पर कठुआ पुलिस के साथ-साथ पठानकोट पुलिस ने कड़ी निगरानी रखी। पठानकोट पुलिस ने 13 नाके लगाकर हर रास्ते पर नजर रखी। कठुआ पुलिस के अलावा सीआरपीएफ सहित अन्य सशस्त्र बलों के जवान तैनात रहे। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों को भी चुनाव से पहले ही पूरी तरह से खंगाला जा चुका है। सीमा पर बीएसएफ की चौकसी के बीच पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के साथ-साथ सेना भी कड़े सुरक्षा पहरा बनाए रखा। उधर, जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर भी सुरक्षा बंदोबस्त कड़े किए गए हैं। जगह-जगह नाकेबंदी भी की गई ताकि आम लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके। कठुआ जिले में 92 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर शुक्रवार को मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। 701 मतदान केंद्रों पर कड़े सुरक्षा पहरे के बीच मतदान प्रक्रिया पूरी करवाई गई। एसएसपी पठानकोट सोहेल कासिम मीर ने बताया कि जम्मू कश्मीर में पहले चरण के मतदान को लेकर पठानकोट में भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध पुलिस की ओर से किए गए हैं। अलग-अलग जगह पर नाके भी लगाए गए हैं और फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं ताकि कोई भी शरारती तत्व किसी वारदात को अंजाम न दे सके।