कठुआ। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत उधमपुर संसदीय सीट के लिए 19 अप्रैल को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होगा। कठुआ जिले के 5,03,227 मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2,63,948 पुरुष, 2,39,273 महिला और 6 थर्ड जेंडर शामिल हैं। सीट पर चुनाव लड़ रहे 12 उम्मीदवारों की उम्मीदों की चाबी 18 से 50 वर्ष के 3,47,393 मतदाताओं के हाथ में होगी। यह आयु वर्ग निर्णायक भूमिका निभाएगा। चुनाव की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। वीरवार को राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ से चुनाव सामग्री और पोलिंग पार्टियों के 620 वाहनों को रवाना किया गया। इनमें 500 बसें और 120 छोटे वाहन शामिल थे। मतदान की पूर्व संध्या पर मतदान केंद्रों तक आने जाने वाले सभी मार्गों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। ऐसे में जिला कठुआ के 701 मतदान केंद्रों पर कड़े सुरक्षा पहरे के बीच मतदान प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। जिला उपायुक्त ने बताया कि कठुआ में 80 मतदान केंद्र शहरी इलाके और 621 ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए हैं। इनमें 92 को संवेदनशील घोषित किया गया है। इसके अलावा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 351 बूथों पर वीडियोग्राफी भी होगी।
छह बजे होगी मॉक पोलिंग
उधमपुर संसदीय क्षेत्र में 2014 में 71.13 फीसदी मतदान हुआ था। 2019 में यह बढ़कर 74.02 फीसदी रहा। अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह छह बजे मॉक पोलिंग के बाद सात बजे से मतदान शुरू करवाया जाएगा जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद ईवीएम कठुआ के राजकीय डिग्री कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में पहुंचाई जाएंगी। दूरवर्ती क्षेत्रों से ईवीएम दूसरे दिन कड़े सुरक्षा पहरे में स्ट्रांग रूम तक लाई जाएंगी।
8340 मतदाता पहली बार डालेंगे वोट
लोकसभा चुनाव में जिला कठुआ के 8340 नए मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। नए मतदाताओं में पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। चुनाव आयोग द्वारा कुछ दिन पहले ही मतदाता सूची में संशोधन किया गया है। इसके तहत 929 पुरुष और 1064 महिलाओं सहित कुल 1993 मतदाताओं को मतदाता सूची से हटाया गया और 8340 नए मतदाता सूची में शामिल किए गए। नए शामिल वोटरों में 3555 पुरुष और 4785 महिला वोटर शामिल हैं। नई मतदाता सूची को कठुआ नॉर्थ, कठुआ साउथ, हीरानगर, बिलावर, बसोहली और बनी विधानसभा के 4 सब डिवीजन, 11 तहसीलों और 19 ब्लॉक में सर्वे प्रक्रिया पूरी करने के बाद संशोधित किया गया है। नई मतदाता सूची में लिंगानुपात 899 से बढ़कर 904.02 हुआ है।
20 से 29 आयु वर्ग के 1,21,585 मतदाता भी बड़ी भूमिका में
उधमपुर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा जिला कठुआ में 18 से 50 वर्ष के 3,47,393 वोटर हैं। यह कुल मतदाताओं की संख्या का आधे से अधिक यानी 69.24 फीसदी हैं। जिला चुनाव कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 5,01,663 है। 18 से 19 वर्ष के 20103, 20 से 29 आयु वर्ग के 1,21,585, 30 से 39 आयु वर्ग के 1,05,219, 40 से 49 आयु वर्ग के 1,00486, 50 से 59 वर्ष आयु वर्ग के 73,757, 60 से 69 आयु वर्ग के 46,638, 70 से 79 आयु वर्ग के 23,048 और 80 व उसके ज्यादा उम्र के 10,827 मतदाता हैं।
85 पार 4925 और शतायु 119 मतदाता
जिला कठुआ में 85 वर्ष की आयु पार कर चुके 4925 वोटर हैं। इनमें 119 वोटर ऐसे हैं जो 100 साल की आयु पूरी कर चुके हैं। चुनाव आयोग की ओर से बनाई व्यवस्था के तहत अगर 85 वर्ष से अधिक के वोटर मतदान केंद्र पर नहीं जाना चाहते तो घर पर ही उनका मतदान करवाया जाएगा।
उधमपुर सीट
जिला मतदाता पुरुष महिला थर्ड जेंडर
कठुआ 5,03,227 2,63,948 2,39,273 6
उधमपुर 4,19,854 2,19,890 1,99,964 0
डोडा 3,05,093 157375 1,47711 7
किश्तवाड़ 1,75,897 90,256 85,641 0
रामबन 2,19,124 1,13,814 1,05,310 0
-
कुल 1,623,195
पुरुष 845,283
महिला 777,899
थर्ड जेंडर 13