कठुआ। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए अमला तैयार है। बुधवार को जिले के दूरदराज बनी विधानसभा हलके के लिए पहले जत्थे को रवाना किया गया। बनी और डुग्गन ब्लाक के 94 पोलिंग स्टेशनों के लिए बुधवार को चुनाव कर्मचारियों को वाहनों ने रवाना किया गया। यह पार्टियां एआरओ बनी को रिपोर्ट करेंगी। रात बनी मुख्यालय में रुकने के बाद पूरा अमला वीरवार को विभिन्न पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी कठुआ डॉ. राकेश मिन्हास ने बनी उपमंडल के लिए मतदान दलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि बनी विधानसभा हलके में कुल 94 मतदान केंद्र हैं। कड़े सुरक्षा पहरे के बीच वाहनों का काफिला रवाना हुआ, जो बनी मुख्यालय पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यह मतदान दल शाम तक बनी पहुंचेगा और बनी विधानसभा क्षेत्र के मुख्यालय में रुकने के बाद 18 अप्रैल को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए आगे बढ़ना शुरू कर देगा। यहीं से कर्मचारियों को संबंधित एआरओ आगे के लिए निर्देश जारी करेंगे। उन्होंने बताया कि अन्य पांच विधानसभा हलकों हीरानगर, बसोहली, बिलावर, जसरोटा और कठुआ लिए पोलिंग पार्टियों को वीरवार सुबह भेजा जाएगा। डॉ. राकेश मिन्हास ने बताया कि कुल 94 मतदान केंद्रों में से 21 मतदान केंद्रों को संवेदनशील मतदान केंद्रों के रूप में चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि मतदान कर्तव्यों का निर्वहन करते समय उचित सुरक्षा प्रोटोकॉल बनाए रखने के लिए मतदान दलों को छाता, सैनिटाइजर और मास्क भी प्रदान किए गए हैं।