कठुआ/हीरानगर। मतदान प्रक्रिया के बारे में जन जागरूकता और समझ बढ़ाने के लिए हीरानगर में भारत-पाक सीमा स्थित जीरो लाइन के पास मॉडल मतदान केंद्र स्थापित किया गया। तारबंदी से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित सरकारी हाई स्कूल कदयाला को तिरंगे गुब्बारों से सजाया गया है। मतदाताओं को त्यौहार जैसा माहौल देने के लिए इस मतदान केंद्र को आकर्षक बनाया गया है। इसके अलावा पहुंच और आराम सुनिश्चित करते हुए पोलिंग स्टेशन में महिला मतदाताओं के लिए पिंक वॉशरूम, पुरुष मतदाताओं के लिए समर्पित सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल और विकलांगों के लिए रैंप है। इन सभी की व्यवस्था मतदान अनुभव को बेहतर बनाने के लिए की गई है। मॉडल मतदान केंद्र में हरियाली दिखाने के लिए फूलदार पौधे लगाए गए हैं। बिजली का प्रबंध किया गया है। सभी मतदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और सीएपीएफ कर्मियों को इस मतदान केंद्र में तैनात किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राकेश मिन्हास के नेतृत्व में जिला निर्वाचन कार्यालय कठुआ ने यह पहल की है।मतदान केंद्र में करवाई गई मॉक पोल
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राकेश मिन्हास ने बताया कि बुधवार को मॉडल मतदान केंद्र में मॉक पोल करवाई गई। इसमें सामान्य मतदान, सभी महिला कर्मचारी बूथ (पिंक बूथ) और विकलांग मतदाता परिदृश्य शामिल थे। मॉक पोल में स्थानीय पुरुष, महिला और दिव्यांग मतदाताओं ने भाग लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूरी मतदान प्रक्रिया का यथार्थवादी चित्रण किया गया। एक व्यापक वीडियो में कैप्चर किए गए इस अभ्यास का उद्देश्य स्थानीय समुदाय को मतदान के दिन वोट डालने से जुड़ी चरण-दर-चरण प्रक्रियाओं के बारे में शिक्षित करना था। यह वीडियो पूरे कठुआ में प्रसारित किया जा रहा है ताकि मतदाताओं में आत्मविश्वास और स्पष्टता बढ़े। जिला चुनाव अधिकारी डॉ. राकेश मिन्हास ने एक मजबूत लोकतांत्रिक संस्कृति को बढ़ावा देने में मतदाता शिक्षा और भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मॉडल मतदान केंद्र और शैक्षिक वीडियो आगामी चुनावों में मतदाताओं की भागीदारी में महत्वपूर्ण योगदान देगा।