कठुआ। राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में एमबीबीएस कोर्स के लिए सीटों की क्षमता 150 करने की कवायद शुरू हो चुकी है जिसके लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की कमेटी ने जीएमसी का दौरा किया और वहां उपलब्ध ढांचागत सुविधाओं के साथ संस्थान की प्रगति रिपोर्ट की भी जांच की। एनएमसी की कमेटी के अध्यक्ष सुरजीत घाटक ने अपने साथ आए तीन अन्य सदस्यों के साथ परिसर के संकाय की जानकारी ली। सुबह नौ बजे से रात आठ बजे चले परिसर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में उपलब्ध शैक्षणिक ढांचागत सुविधाओं का निरीक्षण किया। टीम ने परिसर से निकले एक बैच की प्रगति रिपोर्ट की भी समीक्षा की। उन्होंने जीएमसी के सहायक अस्पताल में संचालन व्यवस्था समेत वहां उपलब्ध मेडिकल मशीनरी का भी निरीक्षण किया। प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार अत्री ने बताया कि जीएमसी प्रबंधन ने एमबीबीएस की सीटों को बढ़ाने के लिए जनवरी में आवेदन किया था। इसलिए टीम ने निरीक्षण किया।