कठुआ। जिले के विभिन्न स्कूलों में 12वीं कक्षा के होनहारों की उत्कृष्टता का जश्न मनाया गया। मेरिट सूची में नाम लाने वाले विद्यार्थियों के साथ ही बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मिठाई खिलाई गई। वहीं परिणामों से खुश विद्यार्थी झूमते और खुशी मनाते नजर आए।
शहर के लिटिल ऐंजल्स स्कूल में होनहार विद्यार्थियों के सम्मान में विशेष समारोह रखा गया। स्कूल की चेयरपर्सन रजनी खुल्लर ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को मिठाई खिलाते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि स्कूल के 50 से ज्यादा विद्यार्थी डिस्टिंक्शन के साथ उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि दो होनहार बच्चों ने प्रदेश स्तर पर नाम रोशन करते हुए मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज करवाया है।
वहीं बसवाईं मोड़ के नजदीक स्थित रिग्वेदा काॅन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में भी होनहारों की उत्कृष्टता का जश्न मनाया गया। स्कूल चेयरमैन रछपाल सिंह ने विद्यार्थियों का मुंह मीठा करवाया। उन्होंने बताया कि स्कूल की छात्रा हिमाक्षी जसरोटिया ने 96.6, मधुसूदन शर्मा ने 95, परीक्षित शर्मा 94, वंश शर्मा ने 90.4, सुषमा भारती ने 89.6, सिमरन देवी ने 89.4 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल और अपने माता पिता का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने बताया कि 12वीं के परिणामों में स्कूल का परिणाम बेहतरीन रहा है। इसमें 40 डिस्टिंक्शन और 10 पहली डिवीजन शामिल हैं।
उधर, शहर के शिवानगर स्थित नव आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थी खुश नजर आए। स्कूल चेयरमैन गंदर्भ सिंह काटल ने बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की लगन और स्कूल की मेहनत से बेहतरीन नतीजे हासिल हुए हैं। 26 विद्यार्थियों में से 16 ने डिस्टिंक्शन और 9 ने पहली डिवीजन हासिल की है।
............