कठुआ। जिले में एक सप्ताह से लगातार बढ़ते तापमान और लू चल रही है। इस कारण फिलहाल शिक्षा विभाग ने गर्मी अवकाश के दौरान प्रस्तावित समर कैंप सहित अतिरिक्त कक्षाएं स्थगित कर दी हैं।
गर्मी की छुट्टियों के दौरान शिक्षा विभाग हर वर्ष क्लस्टर स्तर की हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के लिए सप्ताह भर या उससे ज्यादा दिनों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाता है।
जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी मंगत राम शर्मा ने बताया कि फिलहाल शिक्षा निदेशक जम्मू के आदेश के अनुसार समर कैंप और अतिरिक्त कक्षाएं नहीं आयोजित हो रहीं हैं।
उन्होंने बताया कि इसमें कोई शक नहीं कि इन अतिरिक्त कक्षाओं और समर कैंप का लाभ विद्यार्थियों को मिलता था। इसमें उन्हें विभिन्न विषयों के कंसेप्ट सहित कॅरिअर संबंधी जानकारी दी जाती थी। इसमें खासकर नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं के विद्यार्थियों को इस कैंप में बुलाया जाता था लेकिन अधिक गर्मी में छात्रों को स्कूल बुलाने पर वे बीमार हो सकते हैं। लिहाजा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर ही यह फैसला लिया गया है।
उन्होंने बताया कि अगर मौसम में सुधार होता है तो भविष्य में विद्यार्थियों के लिए निश्चित रूप से यह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। लोग नौ जून से शुरू हुए अवकाश के बाद से समर कैंप लगने का इंतजार कर रहे थे।