बिलावर। पेयजल की समस्या के समाधान के लिए गढ़ गांव के लोगों का शिष्टमंडल सोमवार को एडीसी विनय खोसला से उनके कार्यालय में मिला। लोगों ने बताया कि मोटर की कम क्षमता के कारण पिछले तीन महीने से पेयजल सप्लाई प्रभावित हो रही है। अशोक कुमार शर्मा, अतुल शर्मा, गणेश कुमार और लंबरदार अजीत सिंह ने बताया कि उनके गांव के लिए जल शक्ति विभाग की ओर से जल जीवन मिशन के तहत योजना बनाई गई है और इसका ज्यादातर काम पूरा कर लिया है। लोगों ने अधिकारी को बताया कि नाज नाले में बनाए गए डगवेल में जल शक्ति विभाग ने 40 हॉर्स पावर की मोटर स्थापित की है और कम क्षमता के कारण गांव में बनाए गए रिजर्वायर में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। लोगों ने एडीसी से 60 हॉर्स पावर की मोटर स्थापित करने की मांग की है। एडीसी ने शिष्टमंडल को समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। संवाद