कठुआ। शहर की गलियों को विस्तार देने के उद्देश्य से नगर परिषद की ओर से करवाए गए डीप कवर्ड ड्रेन लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। पिछले कई महीनों से गलियों के बीच बनाई गई इन ड्रेन के टूटे ढक्कन आम लोगों को दर्द दे रहे हैं क्योंकि इनके चलते आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।
ज्यादातर गलियों में बसे 21 वार्ड वाले कठुआ शहर के हर मोहल्ले में पिछले पांच साल में पांच करोड़ की भारी भरकम राशि का इस्तेमाल विकास की मद में किया गया लेकिन उसमें अभी से होने वाली टूट फूट जहां लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। वहीं यह विकास की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े करता है क्योंकि नगर परिषद के पांच साल के कार्यकाल में बनाई गई अधिकतर गली नालियां फिर बदतर होती नजर आ रही हैं। आलम यह है कि लोगों के आने जाने के रास्तों के बीच में आने वाली इस गलियों को ठीक करने के लिए कोई कदम भी नहीं उठाया जा रहा है, जबकि इनमें से कई निर्माण ऐसे हैं, जिन्हें अभी दो साल का समय भी नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि परिषद को खुद इसका संज्ञान लेना चाहिए।
-
शहर के मुख्य बाजार को जोड़ने वाली वार्ड पांच की मुख्य गली में नाले के ऊपर लगाया गया ढक्कन पिछले कई महीनों से टूटा हुआ है, जिसकी सुध नहीं ली जा रही है। नाले पर ढक्कन न होने से कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं।
-अमरनाथ मेहरा निवासी वार्ड पांच
-
शहर में लोगों की सुविधा को बढ़ाने के लिए हर वार्ड में निर्माण हुए हैं लेकिन वे लोगों को सुविधा देने से ज्यादा इससे जुड़े ठेकेदार और अधिकारियों की आमदनी का ही स्रोत बनकर रह गए क्योंकि निर्माण स्थलों पर निर्माण से जुड़ी कोई जानकारी देने वाले बोर्ड नहीं लगाए गए ताकि सही निर्माण न होने के स्थिति में कोई सवाल भी न उठा पाए।
-कौशल शर्मा, निवासी वार्ड 14
-
देश भर में जारी लोकसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लागू है, लिहाजा अभी नए काम नहीं हो पा रहे हैं लेकिन जिस निर्माण की अवधि दो साल से कम है, उसे ठेकेदार से ठीक करवाया जा सकता है। फिलहाल उनके पास ऐसे किसी भी निर्माण के टूटने की शिकायत नहीं आई है।
-निनाद सेन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कठुआ नगर परिषद