- 12 वार्डों में आज से घर-घर पहुंचेगी कचरा कलेक्शन टीम, डीसी ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर स्वच्छ बनाने के लिए बहुप्रतिक्षित डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन का आधिकारिक शुभारंभ हो गया है। कठुआ नगर परिषद के प्रशासक की जिम्मेदारी संभाल रहे डीसी राकेश मिन्हास ने नगर परिषद कार्यालय से कार्यपालक एजेंसी के वाहनों को हरी दिखाकर रवाना किया। वहीं इस दौरान उन्होंने परिषद के सफाई कर्मचारियों को भी अब से हर रोज शहर में आठ घंटे अपनी ड्यूटी अंजाम देने के स्पष्ट निर्देश दे दिए है। प्रशासक की जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार नगर परिषद के कार्यालय पहुंचे डीसी ने सबसे पहले कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनके कामकाज की समीक्षा की इसके बाद डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज से शहर के वार्ड 1 लेकर 12 तक गार्बेज कलेक्शन कार्यपालक एजेंसी के कर्मचारी घर-घर जाकर करेंगे। लिहाजा लोगों ने आशा की जाती है कि वह अब इधर-उधर कचरा फेंकने के बजाए कचरा लेने के लिए आने वाली गाड़ी को दें। उन्होंने बताया कि शहर के 12 वार्डों से शुरू की यह व्यवस्था 15 दिसंबर के बाद पूरे शहर में लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को डस्टबिन फ्री बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस प्रयास की मॉनिटरिंग नगर परिषद द्वारा की जाएगी। जिसमें लोगों को अगर कोई असुविधा आ रही है तो उसका समाधान भी किया जाएगा। इसके साथ अगर कोई भी व्यक्ति अब इधर-उधर कचरा फेंकता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
डीसी कठुआ की सफाई कर्मचारियों को दो टूक
नगर परिषद कार्यालय में डीसी राकेस मिन्हास ने सफाई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए कहा कि अब उन्हें तीन टाइम अटेंडेंस, सुपरवाइजर के बताए अनुसार ही काम करना होगा। जो इस तरह काम कर सकते हैं वह काम करें अन्यथा नौकरी छोड़ दें। उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों को सुबह 7 से शाम 3 बजे तक अपनी सेवा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सफाई कर्मचारी को अगर इससे आपत्ति है तो वह सामने आकर अपनी असहमति जता सकता है। लेकिन सरकारी क्षेत्र में अगर आठ घंटे की सेवा का प्रावधान है तो उन्हें भी अपनी सेवा आठ घंटे ही देनी होगी।
-
सफाई कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों को रोजगार देने की उठाई मांग
डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन के शुरू होते ही शहर के सफाई कर्मचारियों ने कार्यपालक एजेंसी द्वारा बाहरी लोगों को रोजगार दिए जाने पर शहर के सफाई कर्मचारियों अपना विरोध जताया। नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जोधराज के समक्ष सफाई कर्मचारियों ने अभियान में उन्हें नौकरी न दिए जाने रोष जताते हुए कहा कि यह अभियान शहर को साफ करने के बजाए उनके हिस्से में आने वाले रोजगार के अवसर को छीनने का प्रयास है जिसे वह होने नही देंगे। जिस पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सफाई कर्मचारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस बारे में सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों की डीसी से मुलाकात करवाएंगे।
अब नहीं लगाने पड़ेंगे भवन और दुकान के नक्शे पास करवाने के लिए कार्यालय के चक्कर
डीसी ने कहा कि नगर परिषद के कार्यशैली में वह सुधार करने के लिए उन्होंने पुरानी प्रथाओं को बंद करने के साथ नई व्यवस्था लागू करनी है। जिससे सबसे पहले नक्शे पास करवाने में आने वाली लोगों की दिक्कत का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए अब लोगों को नक्शा पास करवाने के लिए आनलाइन आवेदन करने की सहूलियत दी जाएगी। जिसमें बड़े मकान और दुकान के लिए एक माह और इसी तरह बड़े मकान और दुकान के नक्शे पास करने के लिए 15 दिनों की समय सीमा निर्धारित की जाएगी।
अतिक्रमण को पूरी तरह किया जाएगा खत्म
शहर में अतिक्रमण नागरिक व्यवस्था को खराब करता है, जिसे हर हाल में ठीक करना ही होगा। पिछले तीन माह से लगातार अपील की जाती रही है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब अतिक्रमण करने वालों को प्रशासन की कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा। डीसी ने कहा कि शहर में रेहड़ी-फड़ी को व्यवस्थित रखने के लिए इंटेन्सिव ड्राइव चलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में कही भी अतिक्रमण बर्दाश्त नही किया जा सकता है। अब से सभी रेहड़ी फडी लगाने वालों को प्रशासन द्वारा बताई जाना ही होगा। इसके अलावा कोई दुकानदार भी अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।