संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। स्मृति दिवस समारोहों के मद्देनजर डीआईजी जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज शिव कुमार शर्मा ने जिला कठुआ का दौरा किया। उन्होंने तैयारियों और सुरक्षा उपायों का आकलन करने के लिए सीमा क्षेत्र और पुलिस चौकियों का भी निरीक्षण किया।
इस दौरे का उद्देश्य सुरक्षा कर्मियों की तत्परता और सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करना और सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता का आकलन करना था। सीमा क्षेत्र के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग में सुदृढ़ीकरण या सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान करने को लेकर भी यह दौरा किया गया। इसके अलावा, उन्होंने सुरक्षा को बढ़ाने और बार्डर पुलिस चौकियों को मजबूत बनाने की आवश्यकताओं का भी जायजा लिया। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को उचित निर्देश भी जारी किए।
उन्होंने डीपीएल कठुआ में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान अधिकारियों को नशा तस्करों, गोवंश तस्करों, बार-बार अपराध करने वालों, ओजीडब्ल्यू, आत्मसमर्पण करने वाले/छोड़े गए आतंकवादियों की गतिविधियों और त्योहारों पर आने वाली सुरक्षा चुनौतियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी को प्रभावी और समन्वित प्रयास करने पर बल दिया।