कठुआ। बरसात के मौसम और श्री अमरनाथ यात्रा के बीच प्रशासन सभी वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर काम करने में जुटा हुआ है। इसी को लेकर डीआईजी ट्रैफिक रेंज जम्मू डॉ. मोहम्मद हसीब मुगल ने धार रोड का जायजा लिया।
खास तौर से मौसम खराब होने या जम्मू श्रीनगर हाईवे के किसी भी स्थिति में बाधित होने पर ट्रकों के ठहराव प्वाइंट्स को जांचा गया। यातायात विभाग किसी भी विपरीत परिस्थिति में घाटी को जाने वाले कम से कम तीन हजार ट्रकों के लिए धार रोड पर अलग-अलग ठहराव प्वाइंट चिन्हित कर रहा है ताकि जरूरत पड़ने पर गाड़ियों को बिना स्थानीय यातायात प्रभावित किए सुरक्षित स्थानों पर पार्क करवाया जा सके।
डीआईजी डॉ. मोहम्मद हसीब मुगल ने बताया कि धार रोड पर यातायात को व्यवस्थित करने लिए जगह चिन्हित की जा रही है। मुख्य तौर से ट्रैफिक बाधित न हो, इसके लिए प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। धार रोड पर कई महत्वपूर्ण जगह चिन्हित की गई हैं।