संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में दीदी की रसोई कैंटीन का शुभारंभ किया गया। इस कैंटीन के खुलने से न केवल छात्राओं और कर्मचारियों को पौष्टिक और बजट के अनुकूल भोजन प्रदान होगा, बल्कि इससे स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध होगा।
वीरवार को दीदी की रसोई कैंटीन का उद्घाटन जिला शहरी विकास एजेंसी (डूडा) के परियोजना अधिकारी जाफर अब्बास ने कॉलेज प्रभारी प्रधानाचार्य की उपस्थित में किया। कैंटीन का प्रबंधन महिला स्वयं सहायता समूह प्राणवी की ओर से किया जाएगा। जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भरता बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को सस्ता और घर का बना पौष्टिक भोजन प्रदान करना है। डूडा के परियोजना अधिकारी अब्बास ने बताया कि दीदी की रसोई कैंटीन दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डीएवाई-एनयूएलएम) के तहत स्थापित की गई है।
अब्बास के कहा कि यह रसोई दो उद्देश्य की पूर्ति करती है। एक महिला एसएचजी सदस्यों के लिए एक स्थिर आय प्रदान करना और दूसरा विद्यार्थियों को अन्य लोगों को बजट के अनुकूल भोजन प्रदान करना। जिससे बेहतर स्वास्थ्य और समाज कल्याण को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि यह सरकार की पहल की पहली किस्त है।