कठुआ। पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात बाढ़ से प्रभावित अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे इलाकों की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के बाद जम्मू-कश्मीर प्रवेश द्वार लखनपुर में पहुंच कर यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा डीजीपी ने बीएसएफ, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए है। उन्होंने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए सभी सहयोगी एजेंसियों के साथ पूरी दृढ़ता से खड़ी है।
शनिवार को कठुआ पहुंचे डीजीपी ने बाढ़ के बाद बार्डर इलाके में उत्पन्न स्थिति का विस्तार से जायजा लेने के बाद सीमा सुरक्षा बल और बार्डर पुलिस पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा को लेकर आवश्यक हिदायत दी है। वहीं, उन्होंने जिला पुलिस को यातायात पुलिस के साथ मिलकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए मिलकर काम करने का निर्देश दिए है। इस मौके पर उन्होंने पुलिस की ओर से किए जा रहे बचाव और राहत कार्यों की भी समीक्षा की है। उन्होंने लखनपुर स्थित पंजाब पुलिस के अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा है, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोई यातायात अवरुद्ध पैदा न हो सके। इसके पहले उन्होंने सहार खड्ड स्थित नेशनल हाईवे अथारिटी की ओर से क्षतिग्रस्त पुल के मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। मौके पर मौजूद जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शोभित सक्सेना ने बताया कि बीते पिछले कई दिनों से जिला पुलिस अन्य सुरक्षा एजेंसी के साथ मिलकर बचाव कार्य में जुट कर 200 से अधिक लोगों का बाढ़ से बचाव किया है। उन्होंने बताया कि बीते शुक्रवार की रात को पुलिस ने भाग नाले से 26 लोगों और बिलावर में 50 से अधिक लोगों का सुरक्षित बाहर निकाला है। सक्सेना ने बताया कि डीजीपी ने निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की मौजूद स्थिति को देखते हुए केवल उन्हीं वाहनों को लखनपुर से आगे भेजा जाए जिन मार्गों पर यातायात चल रहा है।