संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के बीचोंबीच कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत बने इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम की गुणवत्ता पर उद्घाटन के 7 माह बाद सवाल उठने लगे हैं।
इंडोर हॉल के अंदर बिछे रेसलिंग मैट हटाते ही फ्लोरिंग की वास्तविक स्थिति की पोल खुल गई है। फर्श पर कई जगहों पर गड्ढे उभर आए हैं, जिसे रेत से ढंकने का प्रयास भी किया गया है।
उद्घाटन से पहले आनन-फानन में फर्श डाला गया जिसे बाद में रेसलिंग मैट से ढंक दिया गया। जैसे ही मैट फर्श से हटाए तो दावों और गुणवत्ता की पोल खुल गई। आउटडोर खेलने वाले खिलाड़ी कुछ दिन ही पहले ही स्टेडियम की खस्ताहाल को लेकर खेल परिषद के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि इंडोर हॉल में उखड़े फर्श पर खेलना खिलाड़ियों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। जल्द इसकी मरम्मत होनी चाहिए।
दरअसल, जिला प्रशासन नशा मुक्त अभियान के तहत इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन सहित अन्य खेलों का आयोजन करवाना चाहता है। इंडोर हाल की देखरेख करने वाली जिला प्रशासन द्वारा बनाई गई सब-कमेटी ने पहले ही उखड़े फर्श और खस्ताहाल स्थिति को लेकर जिला प्रशासन को अवगत करा चुकी है। वीरवार की सुबह जिला उपायुक्त राजेश शर्मा, जिला मुख्य योजना अधिकारी सहित सब-कमेटी सदस्यों और लोक निर्माण विभाग के अभियंता के साथ इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने इंडोर टूर्नामेंट से पहले मरम्मत करवाने के निर्देश दिए हैं।