चकड़ा में बैंक की शाखा खोलने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
- फोटो : heeranagar
लोग बोले- इलाके में नहीं है काेई बैंक, पांच से दस किलोमीटर दूर लगाना पड़ रहा चक्कर
हीरानगर। चकड़ा इलाके में बैंक शाखा खोलने की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों ने मुख्य चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बैंक शाखा के अभाव में उन्हें वित्तीय सेवाओं के लिए कई किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है, जिससे समय और पैसा दोनों की बर्बादी होती है। प्रदर्शन में शामिल सुभाष सिंह और रघु शर्मा ने कहा कि इलाके में कोई बैंक नहीं है। इसलिए हर छोटे-बड़े काम के लिए 5 से 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की फीस जमा करने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक हर काम में दिक्कत होती है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द ध्यान नहीं दिया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पहले प्रदर्शन कर चुके हैं, मगर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। प्रदर्शन में किशोरी लाल, कमल कुमार व रमेश कुमार शामिल रहे। संवाद