जीएमसी कठुआ में हो रही चोरी की घटनाओं पर रोष जताते तीमारदार। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जीएमसी कठुआ में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं में कमी न आने पर मरीजों के तीमारदारों ने कड़ा रोष जताया है। रविवार को मरीजों के तीमारदारों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते अपने गुस्से का इजहार किया।
प्रदर्शनकारियों में शामिल अनुराधा ने बताया कि गत शनिवार को अस्पताल परिसर से उनके भाई का मोटर साइकिल चोरी हुआ था। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की, लेकिन उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। अस्पताल में सुरक्षा के नाम पर लगे सीसीटीवी कैमरे काम नही करते हैं, जिसका फायदा लगातार यहां चोर उठाते हैं। अस्पताल प्रशासन इस ओर ध्यान नही दे रहा है। वहीं रीता देवी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले लोग पहले ही परेशान होते हैं। जिन्हें यहां होने वाली चोरियां और ज्यादा मुश्किल में डाल देती है। जिस पर लगाम लगाए जाने की जरूरत है। मरीज के तीमारदार सुनील कुमार ने बताया कि गत रात को वह अस्पताल की गैलरी में सो रहे थे। सुबह उठे तो उनका फोन गायब था। उन्होंने बताया कि इसी तरह वार्डों में कई मरीजों के साथ चोरी की घटनाएं हो रही है। किसी का बैग, किसी के पैसे तो किसी का मोबाइल फोन चोरी होना यहां आम हो गया है। अस्पताल में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने की मांग की। इस संबंध में अस्पताल की अधीक्षक डॉ संगीता अजरावत का कहना है कि अस्पताल प्रशासन उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए लोगों को बेहतर से बेहतर सुविधा और सुरक्षा प्रदान करने का प्रयास करता है। क्योंकि अस्पताल एक सार्वजनिक स्थल है। लिहाजा यहां आने वाले को भी अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।