रामकोट। तहसील रामकोट के पंचायत उच्चा पिंड के वार्ड नंबर सात में पिछले छह महीनों से पानी की सप्लाई ठप रहने से लोगों ने विभाग के खिलाफ निजी मार्ग पर एकत्रित होकर नारेबाजी की। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह पिछले तीन सालों से पानी की सप्लाई को लेकर परेशान हैं, उन्होंने बताया कि 2018 के बाद उन्हें पीएचई की ओर से पानी की सप्लाई समय पर नहीं दी गई, जिसके चलते उन्होंने पीएचई विभाग पर रोष जताते हुए प्रदर्शन किया। उच्चा पिंड वार्ड नंबर सात के मुंशी राम ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि पीएचई विभाग को 2018 से पानी की सप्लाई के लिए अवगत करवाते आ रहे हैं, लेकिन विभाग ने तीन साल बीत जाने के बाद भी पानी की सप्लाई के लिए कोई भी सकारात्मक कदम नहीं उठाया। संतोष देवी ने बताया कि 2018 से पहले 15-15 दिन के बाद विभाग की ओर से पानी की सप्लाई बहाल की जाती थी, लेकिन पिछले तीन सालों से पानी की सप्लाई कई बार महीने बाद भी आती है। इससे लोग परेशान हैं। गोपाल दास ने बताया कि कई सरकारें आई कई सरकारें गई लेकिन उच्च पिंड पंचायत के वार्ड नंबर सात में आज भी लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। लोगों को करीब 2 किलोमीटर का सफर कर प्राकृतिक स्रोतों तक पहुंच कर पानी लाना पड़ता है। लोगों ने जल्द से जल्द उच्चा पिंड पंचायत में पानी की सप्लाई बहाल करने की मांग की है