बिलावर। उपमंडल की हौटार पंचायत मे बनाई गई डिस्पेंसरी में रिक्त पड़े पदों को भरने की मांग स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने की है। पंचायत के सरपंच जगदेव सिंह म्यिन ने बताया कि 30 वर्ष पूर्व गांव में आयुष डिस्पेंसरी बनाई गई थी, जिसकी आज तक सरकारी इमारत नहीं बन पाई है। उन्होंने बताया कि आयुष डिस्पेंसरी पिछले 30 वर्षों से किराए के मकान में चल रही है। सरपंच ने बताया के कई बार सरकार से आयुष डिस्पेंसरी की सरकारी इमारत बनाने को कहा, लेकिन आज तक सरकार की ओर से इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाया गया। सरपंच ने बताया कि आयुष डिस्पेंसरी में चतुर्थ श्रेणी के पद के साथ-साथ फार्मासिस्ट का पद भी खाली पड़ा है। उन्होंने बताया कि केवल एक मेडिकल अधिकारी के सहारे आयुष डिस्पेंसरी चल रही है। सरपंच ने बताया कि डिस्पेंसरी में स्टाफ की कमी के चलते लोगों को बिलावर उप जिला अस्पताल जाना पड़ता है। सरपंच ने सरकार से मांग की है कि गांव में बनाई गई आयुष डिस्पेंसरी की पक्की इमारत बनाई जाए। साथ ही डिस्पेंसरी में पिछले कई वर्षों से रिक्त पड़े पदों को जल्द से जल्द भरा जाए, ताकि लोगों को गांव में स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। सरपंच और पंचायत के अन्य कई प्रतिनिधियों ने इस संबंध में सरकार से जल्द से जल्द संज्ञान लेने की मांग की है।