रामकोट। इस वर्ष रूस के शहर सौची में एक से सात मार्च को विश्व युवा महोत्सव होने जा रहा है। इसमें भारत से विभिन्न कलाओं के धनी युवा भाग ले रहे हैं। उनमें जम्मू-कश्मीर से डाॅक्टर संदीप शर्मा भारतीय योग विज्ञान पद्धति का प्रचार प्रसार करेंगे। डाक्टर संदीप शर्मा संस्कृत विषय से योग में एमफिल, पीएचडी हैं। वह आयुष मंत्रालय द्वारा प्रमाणित भारतीय गुणवत्ता परिषद में योग शिक्षक एवं मूल्यांकनकर्ता की परीक्षा में उत्तीर्ण हैं एवं अनेक बार योगासन प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुके हैं। जम्मू-कश्मीर के बहुत से स्कूल व काॅलेज में भी योग शिक्षा का प्रचार प्रसार करने वाले डाॅक्टर संदीप अब आगामी सप्ताह में विश्व युवा महोत्सव में अनेक देशों से आए लगभग 20 हजार युवाओं के मध्य योग विज्ञान का प्रचार प्रसार करेंगे। डाॅक्टर संदीप शर्मा को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी शुभकामनाएं देते हुए जम्मू-कश्मीर की संस्कृति के प्रचार प्रसार एवं बदलते जम्मू-कश्मीर को विश्व पटल के सम्मुख रखने के लिए प्रेरित किया है। वर्तमान में डाक्टर संदीप विश्वायतन योगाश्रम कटड़ा में भी योग शिक्षण दे रहे हैं।