उधार के पैसे नहीं दिए तो सिर पर मारी कांच की बोतल
- फोटो : Demo Pic
रामकोट तहसील के चींजी मकवाल गांव में शनिवार रात अज्ञात लोगों ने एक वृद्ध की बुरी तरह से पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में वृद्ध के परिजन उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे रात को ही जीएमसी ले गए। यहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। इस संबंध में वृद्ध के परिजनों ने रविवार को रामकोट पुलिस चौकी में अज्ञात लोगों के विरुद्ध शिकायत दर्ज करवाई है।
वृद्ध श्रोतूराम (62) किसी विवाह समारोह में भाग लेने के लिए अपने नजदीकी गांव उदराल गया हुआ था। देर रात जब वह अपने घर लौट रहा था कि रास्ते में कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब वह बेहोश हो गया तो सभी हमलावर वहां से फरार हो गए। बाद में कुछ ग्रामीणों ने उसे रास्ते में अचेत अवस्था में पडे़ देखा तो इस बात की खबर उसके परिजनों को दी। जो उसे फौरन इलाज के लिए जीएमसी ले गए। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।