प्रदेशभर से 4500 पेंशनरों को पेंशन का भुगतान नहीं हो पाया है।
- फोटो : Demo Pic
लखनपुर टोल प्लाजा के रास्ते पशु तस्करों को मिल रही मदद का भंडाफोड़ होने के बाद से जांच कर रहे आबकारी विभाग के खिलाफ हीरानगर मोड़ के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आबकारी विभाग का पुतला फूंककर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने आरोपी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की है।
इसके साथ ही चल रहे गोरखधंधे में अन्य तस्करी के मामलों को ध्यान में रखते हुए लखनपुर टोल प्लाजा के निजीकरण की भी सरकार से मांग की गई। ग्रामीणों में शामिल अनंत राम डोगरा, पूर्व सरपंच भोला नाथ, शम्मी कुमार शर्मा, अजय कुमार गुप्ता, मोहिंद्र पाल, थुडू राम आदि ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि पिछले कुछ सालों में पशु तस्करी के मामलों में भारी इजाफा हुआ है।
उन्होंने कहा कि लखनपुर में आबकारी विभाग की मदद से तस्करों ने पशुओं को कश्मीर की ओर ले जाने का प्रयास किया। यह पहला मामला नहीं था इससे पहले भी इस तरह के मामले सामने आए हैं, जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से पुलिस महानिदेशक ने जम्मू में थाना प्रभारियों और अन्य कर्मचारियों को लापरवाही मामले में कार्रवाई में शामिल किया है, ठीक इसी तरह से आबकारी विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों पर भी कार्रवाई संबंधित विभागों को सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मामले में सरकार कड़ा रुख अपनाने की बात करती है, लेकिन यह बात समझ से परे है कि लखनपुर में सामने आने वाले मामलों पर कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं की जाती। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सरकार ने आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की तो ग्रामीण हाईवे जाम करने को मजबूर हो जाएंगे।