कठुआ। हटली चौकी के अधीन पड़ते इलाके में एक मोबाइल की दुकान से कई एंड्रायड मोबाइल चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। चोरों ने एक मोबाइल शाप में सेंध लगाकर सारे एंड्रायड मोबाइल चोरी कर लिए। मोबाइल दुकान के मालिक ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस ने आकर छानबीन कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मद सलीम की दुकान हटली मोड़ इलाके के पास है। शुक्रवार रात को वह अपनी दुकान बंद कर चला गया। सुबह छह बजे के करीब उसके पड़ोसी ने उसे जानकारी दी कि उसकी दुकान के ताले टूटे हैं और शटर भी खुला हुआ है। जब वह दुकान पर गया तो उसने देखा कि दुकान से सारे मोबाइल फोन गायब थे। मोहम्मद सलीम ने बताया कि वह रोज रात को नौ बजे के बाद अपनी दुकान बंद कर देता है। उसने बताया कि दुकान में जितने भी एंड्रायड मोबाइल थे, वह सभी दुकान से गायब हैं। इसके बाद उसने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर आकर इसकी छानबीन की और मामला दर्ज कर लिया है। ब्यूरो