कठुआ। जम्मू-पठानकोट से राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक राहगीर को महिंद्रा लोड कैरियर ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस टीम ने घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से वाहन चालक फरार हो गया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनपुर पार करने से पहले ही पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार कालीबड़ी के पास एक राहगीर संसार सिंह निवासी भल्लड़ को लोड कैरियर पीबी08ईएफ-9714 ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल तक पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। वाहन चालक ने मौके से गाड़ी को तेजी से भगाया और भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने हाईवे पर विभिन्न नाका को अलर्ट कर दिया। हटली चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर विशाल ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन चालक को खरोट मोड़ के पास पकड़ लिया। वाहन चालक की पहचान बलकार सिंह पुत्र दलबीर सिंह निवासी पठानकोट पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन को सीज कर लिया है।