बिलावर। उपजिला में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और सड़क सुरक्षा को लेकर बिलावर पुलिस ने बुधवार को ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। थाना प्रभारी बिलावर विजय कुमार शर्मा ने बिलावर कटली सड़क पर नाका लगाकर निर्धारित संख्या से ज्यादा सवारियां चढ़ाने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा। उन्होंने बिलावर थाना क्षेत्र की कई अन्य सड़कों पर नाके भी लगाए और वाहनों की जांच करते हुए 10 वाहन चालकों के चालान भी काटे। बिना कागजों के चल रहे दो वाहनों को थाना प्रभारी ने सीज भी किया। थाना प्रभारी ने बताया कि उपजिला में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर पुलिस विभाग ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालो पर सख्त कार्रवाई करेगी। ब्यूरो