कठुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को जीएमसी कठुआ पहुंचाया गया। यहां तीन घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर हटली मोड़ के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात हुई इस घटना के बाद दोनों को जीएमसी कठुआ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया है। घायलों की पहचान 20 वर्षीय अजय कुमार पुत्र रमेश लाल निवासी परनाला बिलावर और 19 वर्षीय रविंद्र कुमार पुत्र गुड्डू राम निवासी धनु परोल बिलावर के रूप में हुई है।
वहीं, एक अन्य घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर सक्ता चक के पास हुई। इसमें मोटरसाइकिल और अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार पिता और उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। रात को हुई इस घटना के बाद उन्हें जीएमसी कठुआ में लाया गया, जहां डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल 42 वर्षीय जसविंदर सिंह पुत्र बलबीर सिंह निवासी मीरा साहब जम्मू को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया है, जबकि उनकी दो बेटियों की स्थिति सामान्य बताई गई है।