कठुआ। गत शनिवार से लापता चल रहे शहर के वार्ड आठ निवासी मंजीत सिंह की तलाश जारी है। सोमवार को पुलिस ने एसडीआरएफ टीम के साथ जगतपुर के साथ बहने वाली नहर व आसपास के इलाकों में उनकी तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया।
इस संबंध में मंजीत सिंह के भतीजे ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब 11 बजे उनके 75 वर्षीय ताया घर से निकले थे। घर से जाते समय उन्होंने मात्र 10 मिनट में वापस आने की बात कही थी लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं आए तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि अंतिम बार कुछ लोगों ने उन्हें नहर में जाते देखा था। इसके बाद नहर के पानी को बंद करवाया गया और एसडीआरएफ टीम ने उन्हें तलाश करने का प्रयास किया। फिलहाल उनका कोई पता नहीं चल पाया है। इससे उनका पूरा परिवार गहरे सदमे में है।